मुख्य समाचार

पर्यटक केंद्र बनेगा बांका का पुरातात्विक स्थल

बांका। जिले के चांदन नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक स्थल को पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमरपुर प्रखंड की भदरिया पंचायत स्थित पुरातात्विक स्थल का जायजा लेने के बाद इसकी घोषणा की। 

उन्होंने कहा कि पुरातत्व विशेषज्ञों की टीम ने साबित कर दिया है कि यह एक ऐतिहासिक स्थल है। यहां भगवान बुद्ध भी आये थे। प्रारंभिक अध्ययन में 2600 साल पुराने मृदभांड एवं अन्य पुरातात्विक अवशेष मिले हैं। इस ऐतिहासिक जगह को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।

सीएम ने कहा कि चांदन नदी के वर्ष 1995 से पहले की धारा को पुनर्जीवित किया जायेगा ताकि इस इलाके की खुदाई और अनुसंधान सही तरीके से हो सके। यहां की खुदाई से राज्य ही नहीं बल्कि दुनिया को महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। जिला प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम इस दिशा में काम कर रही है। चांदन डैम का भी विकास किया जायेगा।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, स्थानीय विधायक, प्रधान सचिव चंचल कुमार एवं चैतन्य प्रसाद, सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किन्नी, डीएम सुहर्ष भगत, एसपी अरविंद गुप्ता समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें