मुख्य समाचार

कटाव रोकने के लिए कोसी की धारा होगी डायवर्ट : सीएम 

भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि कोसी की धारा को डायवर्ट किया जायेगा ताकि ऐतिहासिक गुवारीडीह गांव का पूरा इलाका सुरक्षित रह सके। कोसी क्षेत्र के कटाव को रोकने के लिए कोसी की धारा को पुरानी धारा की तरफ ले जाना जरूरी है। इसके लिए योजना तैयार की जाएगी। 

नवगछिया अनुमंडल के गुवारीडीह गांव (बिहपुर प्रखंड) में पुरातात्विक स्थल का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुवारीडीह एक पौराणिक और ऐतिहासिक जगह है। यहां से मिले अवशेष 2500 साल से पहले के भी हो सकते हैं। खुदाई जारी रहेगी। यहां से और कई पौराणिक चीजों की जानकारी मिल सकती है। 

अवशेषों के अध्ययन के बाद इस क्षेत्र को ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। भागलपुर जिला के शाहकुंड से मिली प्राचीन प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां भी एक्सपर्ट को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। 

गुवारीडीह गांव से प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों का उन्होंने बारीकी से मुआयना किया। जानकारों के अनुसार यहां से प्राप्त अवशेष ताम्र पाषाण काल के हो सकते हैं। प्राचीन चंपा एवं गुवारीडीह के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंध भी रहे होंगे। 

बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ विजय कुमार चौधरी ने अवशेषों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि प्राप्त पुरातात्विक सामग्रियों में कृष्ण लोहित मृदभांड संस्कृति, उत्तरी कृष्ण मार्जित मृदभांड संस्कृति, मौर्य एवं कुषाणकालीन संस्कृति तथा गुप्त एवं गुप्तेश्वर कालीन संस्कृति के अवशेष हैं। 

खुदाई में गुवारीडीह गांव से मिले टेराकोटा, ताम्रनिधि, कढ़ाई, डिजाइनदार हैंडल, आभूषण, मिट्टी के मनके, ताम्र मुद्रा, मुहर, जैविक जीवाश्म, औजार, लौह धातुमल, वाट, टोटीदार घड़ा, मृदभांड, शिलालोढ़ा, त्रिकोणीय ईंट एवं लाल मृदभांड के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्राप्त अवशेष ताम्र पाषाणिक संस्कृति की संभावनाओं को बताते हैं। मुख्यमंत्री ने खुदाई स्थल तथा नदी के तटीय किनारों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान इतिहासकार डॉ अविनाश कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं ओएसडी गोपाल सिंह, भागलपुर प्रमंडल के सभी वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें