पटना। रबी फसल के बीज किसानों के घर तक पहुंचाने की मुहिम में बिहार राज्य बीज निगम जुटा है। कृषि विभाग ने अब तक राज्य के 3,23,701 किसानों में 1,55,775 क्विंटल बीज अनुदानित दर पर वितरित किया है। इनमें 43,175 किसानों में 21,695 क्विंटल बीज की होम डिलीवरी की गई है। गेहूं बीज की होम डिलीवरी दो रुपये प्रति किलोग्राम एवं अन्य फसलों के लिए पांच रुपये प्रति किलोग्राम शुल्क निर्धारित किया गया है।
कृषि निदेशक सह बिहार राज्य बीज निगम के एमडी आदेश तितिरमारे ने बताया कि रबी फसल बीज के लिए इच्छुक किसानों से 31 अगस्त तक ऑन-लाइन आवेदन करने की अपील की गई थी। इसमें बीज के सामान्य वितरण के साथ होम डिलीवरी का भी विकल्प था।
कृषि निदेशक ने कहा कि बीजों की समय पर आपूर्ति की जा रही है। बीज वितरण निगरानी की जिम्मेवारी कृषि मुख्यालय एवं क्षेत्रीय स्तर के अधिकारियों को दी गई है। बीज की होम डिलीवरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी,कर्मी एवं डीलर को सम्मानित किया जायेगा। खरीफ वर्ष 2020 में भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया गया था।
बिहार के बीज होम डिलीवरी अभियान की गृह मंत्रालय पहले ही सराहना कर चुका है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने सभी राज्यों के कृषि विभाग को बिहार के इस मॉडल को अपनाने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार ने माना है कि कोरोना काल में किसानों को कृषि संबंधित सभी सुविधाएं और बीज की होम डिलीवरी के लिए इस तरह की प्रणाली विकसित करना सराहनीय कदम है।