मुख्य समाचार

डिजिटल इंडिया अवार्ड से सम्मानित होगा बिहार 

पटना। बिहार सरकार के बेहतरीन प्रयासों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 30 दिसंबर को डिजिटल इंडिया अवार्ड्स 2020 सम्मान से बिहार को सम्मानित करेंगे। यह सम्मान कोरोना काल में बिहार के लोगों को समय पर राहत पहुंचाने के लिए दिया जा रहा है। 

कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने के लिए की गई अभिनव पहल को भारत सरकार ने सराहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय, आपदा प्रबंधन विभाग और एनआईसी को कोरोना काल में उनके बेहतरीन कार्यो के लिए महामारी श्रेणी में विजेता चुना गया है। 

बिहार सरकार के आपदा संपूर्ति पोर्टल को महामारी में अनुकरणीय इनोवेशन के लिए सम्मानित किया गया है। इस पोर्टल को एनआईसी की तकनीकी देखरेख में विकसित किया गया है। डिजिटल इंडिया अवार्ड नागरिकों को अनुकरणीय डिजिटल उत्पाद और सेवाओं के लिए दिया जाने वाला एक राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार है। पुरस्कार के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों से 6 श्रेणियों में 190 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं।

इन्हें मिलेगा सम्मान : मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्र डू, एनआईसी के शैलेश कुमार श्रीवास्तव और नीरज कुमार तिवारी को डिजिटल इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। 

30 दिसंबर 2020 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय संचार और आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद की उपस्थिति में राष्ट्रपति विजेताओं को सम्मानित करेंगे। मार्च 2020 में कोरोना महामारी को देखते हुए लॉकडाउन की घोषणा की गयी थी। लॉकडाउन के दौरान बिहार के लोग काफी संख्या में बाहर के राज्यों में फंसे हुए थे। 

बाहर फंसे लोगों के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय, आपदा प्रबंधन विभाग, नई दिल्ली स्थित बिहार भवन एवं बिहार फाउंडेशन मुंबई में डेडिकेटेड कॉल सेंटर्स की व्यवस्था की गयी। इसके माध्यम से लोगों ने अपनी परेशानियां साझा कीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गंभीर प्रयासों के तहत इस संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी की गई एवं बाहर फंसे लोगों की सहायता की गई । 
 


संबंधित खबरें