बेतिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बाहर से आए लोगों को बिहार में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए औद्योगिक नीति में बदलाव किया गया है। औद्योगिक नीति में नया प्रावधान जोड़ा गया है कि जो लोग बाहर से आएंगे, उन्हें यहां काम शुरू करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया बाजार समिति स्थित स्टार्टअप जोन के निरीक्षण के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
स्टार्टअप जोन जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के अंतर्गत है। स्टार्टअप जोन में लॉकडाउन के दौरान कतर, नोएडा, सूरत, लुधियाना, दिल्ली, अमृतसर एवं जैतपुर (गुजरात) जगहों से बिहार आए हुनरमंद कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने उनके तैयार उत्पादों की पूरी जानकारी ली। साथ ही उनकी जरूरतों को भी सुना।
सीएम ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत उद्योग शुरू करने के लिए सरकार जगह उपलब्ध करायेगी। जगह उपलब्ध कराने के बाद उसे ठीक ढंग से विकसित किया जायेगा ताकि शीघ्र काम शुरू हो सके। इससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। सात निश्चय-2 के तहत नई टेक्नोलॉजी को लेकर लोगों को ट्रेंड किया जाएगा। इससे राज्य में उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चनपटिया बाजार समिति स्थित स्टार्टअप जोन के निर्माण कार्य में नई टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया जा रहा है। सामान की कीमत कम होने के कारण इसकी मांग हर जगह होगी। नई पॉलिसी के तहत यहां की तरह सभी जिलों में काम किया जाएगा। बाहर से सामान मंगाने और भेजने में भी सरकार सहयोग करेगी।
सरकार कीे कोशिश है कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे उद्योग के जरिए लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। चनपटिया में अच्छे तरीके से लोग काम कर रहे हैं। यहां के उत्पाद को बिहार और देश के बाहर भी भेजा जा रहा है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम रेणु देवी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार, डीएम कुंदन कुमार, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा एवं कई अधिकारी मौजूद थे।