मुख्य समाचार

बिहार में इथेनॉल उत्पादन की काफी संभावनाएं : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में इथेनॉल उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करें। इससे गन्ना उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। मक्का एवं कृषि अवशेष से भी इथेनॉल उत्पादन का आकलन कर उस पर कार्य करें। उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि इथेनॉल उत्पादन बिहार की ही सोच है। राज्य में इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए काफी पहले राज्य की ओर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उस समय इसे स्वीकार नहीं किया गया। मुझे खुशी है कि अब इस पर कार्य हो रहा है।

सीएम ने कहा कि राज्य में नए उद्योग लगाने वालों को सरकार पूरी मदद देगी। उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। बिहार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग की काफी संभावनाएं हैं। कुशल श्रमिकों के माध्यम से पोशाक योजना के तहत बच्चों के लिए पोशाक बनाना एवं पेवर ब्लॉक के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। ऐसे अन्य कार्यों से रोजगार के साथ आय भी बढ़ेगी। नए उद्योग एवं व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं के लिए उच्च प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का उन्होंने निर्देश दिया। 

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-2 अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति-2016 के अंतर्गत अब तक की उपलब्धि एवं राज्य में औद्योगिकरण को गति देने संबंधित विस्तृत जानकारी दी। 

बैठक में डिप्टी सीएम रेणु देवी, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं सचिव, उद्योग विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल एवं उद्योग विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें