मुख्य समाचार

शराब के सप्लाई चेन को शीघ्र ध्वस्त करने का निर्देश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष अभियान चलाकर शराब के सप्लाई चेन सिस्टम को शीघ्र ध्वस्त करने का निर्देश दिया है। इस धंधे में लिप्त बड़े लोगों की गिरफ्तारी एवं तस्करी वाले मार्गों पर विशेष निगरानी पर भी उन्होंने जोर दिया। मद्य निषेध से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कई निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की सेंट्रल कमांड टीम मद्य निषेध से संबंधित सभी कार्यो को पूरी सक्रियता से निपटारा करे। बॉर्डर एरिया पर भी विशेष नजर रखें। प्रोहिविशन कॉल सेंटर में आने वाली सूचनाओं के आधार पर तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए। 

सीएम ने कहा कि शराबबंदी के पहले इस व्यवसाय से जुड़े लोगों पर विशेष नजर रखें। राज्य की अधिकतर जनता शराबबंदी के पक्ष में है। कोरोना काल में भी चिकित्सकों ने शराब नहीं पीने की सलाह दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि शराब पीने वालों पर कोरोना वैक्सीन का असर कम हो जाता है। 

मद्य निषेध के आईजी अमृत राज ने अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं सचिव, गृह विभाग के विशेष सचिव विकास वैभव एवं उत्पाद आयुक्त बी. कार्तिकेय धनजी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें