पटना। बिहार राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणन एजेंसी (बसोका) के अंतर्गत उत्पादित जैविक सब्जियां अब पटना में उपलब्ध होंगी। विकास भवन के सामने प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को दोपहर एक बजे से फतुहा जैविक फार्म की सब्जियां मिलेंगी।
11 जनवरी से इसकी शुरूआत हो गई है। पहले ही दिन एक घंटे के अंदर सारी सब्जियां बिक गईं। लोगों ने 40 किलोग्राम ब्रोकली, 32 किलोग्राम फुलगोभी, 22.500 किलो हरा मटर, 26.500 किलो बैगन एवं 16 पैकेट मशरूम की खरीदारी की। सब्जी की खरीद के लिए उमड़ी भीड़ से उत्पादकों को काफी प्रोत्साहन मिला।
बसोका 13 जिलों में जैविक कोरिडोर योजना के अंतर्गत किसानों के समूह का प्रमाणीकरण कर रहा है। जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशी के प्रयोग को नियंत्रित करना है। इससे स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को रोकने के साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।