मुख्य समाचार

379.57 करोड़ की लागत से बने अटल पथ का लोकार्पण 

पटना। 379.57 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अटल पथ (आर ब्लॉक-दीघा पथ फेज-1) का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। अटल पथ बिहार के आधारभूत ढांचे की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में एक है। पथ को अत्याधुनिक तकनीक से 22 महीने से भी कम समय में पूरा किया गया है।

पटना-दीघा रेलवे लाईन की जमीन 2018 में राज्य सरकार को मिलने के बाद अटल पथ का निर्माण शुरू हुआ। रेलवे ने 71 एकड़ भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित की। इसके लिए राज्य सरकार ने 222 करोड़ रुपये रेल मंत्रालय को भुगतान किया। 

मुख्यमंत्री ने अटल पथ फेज-2 के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अटल पथ के एक हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस पथ को गंगा पथ एवं जेपी सेतु से जोड़ने का काम चल रहा है। इससे पटना से उत्तर बिहार एवं उत्तर बिहार से पटना के साथ-साथ अन्य जगहों तक आने-जाने में लोगों को सहूलियत होगी। 

पथ में तीन प्रमुख स्थानों पर एलिवेटेट संरचना का निर्माण किया गया है। ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष यंत्र एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके नियंत्रण की जिम्मेवारी सचिवालय थाने को दी गई है। 

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अटल पथ के निर्माण कार्य में बेहतर योगदान के लिए अवार्ड ऑफ एक्सिलेंस से पटना के पूर्व डीएम कुमार रवि, मैनेजर (टेक्निकल) दीपक कुमार मंडल, डीजीएम (टेक्निकल) रणेंद्र कुमार, डायरेक्टर (प्रोजेक्ट्स) ग्वार कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के दीपक धारीवाल, मैनेजर (टेक्निकल) ओम प्रकाश सिन्हा एवं सीनियर ब्रिज इंजीनियर ए. राधा कृष्णा रेड्डी को सम्मानित किया।
 


संबंधित खबरें