पटना। बिहार में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत आईजीआईएमएस पटना से हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष आईजीआईएमएस के सफाईकर्मी रामबाबू को कोरोना का पहला टीका लगाया गया। इसके बाद एम्बुलेंस चालक अमित कुमार, लैब टेक्निीशियन सोनू पंडित, डाॅ सनंत कुमार एवं करणवीर सिंह राठौर को भी टीका लगाया गया। मुख्यमंत्री ने टीका लगवाने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से कोविड-19 टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। बिहार के 300 सेंटर पर एक साथ टीकाकरण अभियान की शुरूआत हुई। हर सेंटर पर प्रतिदिन 100 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आईजीआईएमएस से वेब कास्टिंग के जरिए विभिन्न केंद्रों पर चल रहे कोरोना टीका अभियान का जायजा लिया। उन्होंने कैंपस में एक पौधा भी लगाया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, आईजीआईएमएस के निदेशक डाॅ एनआर विश्वास, मेडिकल सुप्रीटेंडेंट मनीष मंडल, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार, सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र शर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।