मुख्य समाचार

बिहार-झारखंड एसो. ऑफ नाॅर्थ अमेरिका के उद्यमियों से निवेश की अपील    

पटना। बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नाॅर्थ अमेरिका के सदस्यों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में उद्योग लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग की कमी है। राज्य सरकार उद्योग लगाने वालों को हरसंभव मदद देगी। आप उद्योग लगायेंगे, तो जमीन के साथ हर तरह की सुविधा देंगे। 

मुख्यमंत्री वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये अमेरिका में रह रहे बिहार मूल के उद्यमियों से संवाद कर रहे थे। बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नाॅर्थ अमेरिका, काउंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया, न्यूयाॅर्क एवं बिहार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बिहार के अतीत, वर्तमान एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गयी। 

बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नाॅर्थ अमेरिका के अध्यक्ष डाॅ अविनाश गुप्ता ने कहा कि वे बिहार के विकास में सहभागी बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से कहा कि अगली बैठक में बिहार से संबंधित एक प्रस्तुतीकरण दिखाया जायेगा। आपके सुझाव पर आगे का काम होगा। आप पूरे क्षेत्र की स्टडी कर लीजिए और बताइये कि क्या करना चाहिये। अगर आप दिलचस्पी लीजिएगा, तो बिहार बहुत आगे जायेगा।    

बिहार का लगातार विकास हो रहा है। बिहार के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि हुई है और राज्य की प्रति व्यक्ति आमदनी भी बढ़ी है। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे बिहार आएं। सरकार उन्हें अपने स्तर से राज्य का भ्रमण करायेगी। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पटना में देश का पहला इंटरनेशनल म्यूजियम बनाया गया है। पर्यावरण की रक्षा के लिए कई काम किये जा रहे हैं। बिहार में हेल्थ सेक्टर में बिलगेट्स काम कर रहे हैं। उनसे काफी मदद मिल रही है। 

संवाद कार्यक्रम में बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नाॅर्थ अमेरिका के वक्ता प्रो अजय झा, अनुराग कुमार, संजय राय, अशोक रामशरण, अजय सिंह, आलोक कुमार एवं काउंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया न्यूयाॅर्क रणधीर जायसवाल ने भी अपनी बातें रखी। 

मुख्य सचिव दीपक कुमार ने भी बिहार के विकास से संबंधित तथ्यों से वक्ताओं को अवगत कराया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री संजय झा, अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह, बिहार फाउंडेशन के सीईओ रविशंकर श्रीवास्तव उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें