मुख्य समाचार

हलवा समारोह के साथ अंतिम चरण में बजट प्रक्रिया 

नई दिल्ली। आम बजट 2021-22 के लिए बजट बनाने की प्रक्रिया का अंतिम चरण शुरू हो गया है। परंपरा के अनुसार इस उपलक्ष्य में हर साल होने वाला हलवा समारोह नॉर्थ ब्लॉक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की उपस्थिति में आयोजित किया गया। 

केंद्रीय बजट एक फरवरी, 2021 को पेश होगा। एक अभूतपूर्व पहल के तहत इस बार केंद्रीय बजट 2021-22 को पेपरलेस (प्रिटिंग नहीं होगी) रूप में वितरित किया जाएगा। इस तरह का कदम पहली बार उठाया जा रहा है। 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूनियन बजट मोबाइल ऐप भी लांच किया। इससे संसद सदस्य और आम लोगों को आसानी से और तेजी से बजट संबंधित दस्तावेज मिल सकेंगे। वित्त मंत्री के बजट भाषण के बाद यह मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगा। 

ऐप में बजट संबंधित 14 दस्तावेज उपलब्ध होंगे। ऐप अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। यह एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म में उपलब्ध होगा। बजट को  www.indiabudget.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है। 

हलवा समारोह में केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी थे। इस अवसर पर वित्त सचिव और राजस्व सचिव डॉ ए.बी. पांडे, व्यय सचिव टीवी सोमनाथन, आर्थिक मामले के सचिव तरुण बजाज, डीआईपीएएम सचिव तुहिन कांता पांडे, वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव देवाशीष पांडा, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. के.वी. सुब्रमण्यन एवं अतिरिक्त सचिव (बजट) रजत कुमार मिश्रा मौजूद थे। सीबीडीटी के चेयरमैन पी.सी. मोदी, सीबीआईसी के अध्यक्ष एम.अजीत कुमार के अलावा वित्त मंत्रालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें