मुख्य समाचार

चुनौतियों के बावजूद प्रगति के पथ पर बिहार : राज्यपाल

पटना। राज्यपाल फागू चौहान ने कहा है कि चुनौतियों के बावजूद बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इसका अतीत गौरवशाली रहा है। हम इस ऊंचाई को फिर से पाना चाहते हैं। उन्होंने राज्यवासियों से आहवान करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर संकल्प लें कि बिहार को राष्ट्र के मानचित्र एवं आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करने में अपना सहयोग प्रदान करेंगे। 

राज्यपाल गांधी मैदान में 72वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नौ बजे झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर शौर्य पुरस्कार से सम्मानित विजेताओं को राज्यपाल ने पुरस्कृत किया। खगड़िया जिला के शहीद लांस नायक मो. जावेद को उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत सम्मान दिया गया। शहीद की पत्नी ने सम्मान ग्रहण किया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर राज्य का हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। कानून का राज्य स्थापित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। क्राइम, करप्शन और कम्यूनलिज्म के प्रति जीरो टाॅलरेंस की नीति है। 

राज्य सरकार उद्योगों के विकास के लिए भी तत्पर है। इसके लिए संशोधित औद्योगिक प्रोत्साहन नीति 2020 लागू की गई है। कृषि एवं लकड़ी आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए नई नीति बनाई गई है। इसके अंतर्गत कैपिटल सब्सिडी देने का भी प्रावधान है।

कोरोना महामारी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की गई है। बिहार में कोरोना का रिकवरी रेट 98.32 प्रतिशत है। यह राष्ट्रीय औसत से अधिक है। कोरोना से मृत्यु का प्रतिशत जहां देश में 1.44 प्रतिशत है, वहीं बिहार में 0.57 प्रतिशत है। लाॅकडाउन में घर लौटे श्रमिकों को रोजगार देने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के तहत कई गतिविधियां शुरू की गई हैं। 

राज्यपाल के गांधी मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम, राज्य सरकार के मंत्री, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ीं मशहूर हस्तियां, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें