पटना। बिहार का प्रसिद्ध मखाना अब राज्य के चुनिंदा डाकघरों में भी उपलब्ध होगा। इसके लिए बिहार डाक सर्किल एवं मधुबनी के मिथिला नेचुरल्स में समझौता हुआ है। मखाना उत्पादों को आप डाकिया के माध्यम से भी मंगवा सकते हैं। मखाना उत्पादों की बिक्री का शुभारंभ बिहार के चीफ पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) अनिल कुमार ने किया।
सीपीएमजी ने बताया कि सभी प्रकार के मखाना प्रोडक्ट्स मखाना खीर, मखाना इंस्टेंट मिल्क शेक, फूल मखाना एवं मखाना लावा को एमआरपी से 10 प्रतिशत की छूट के साथ चुनिंदा डाकघरों में उपलब्ध कराया जा रहा है। इन उत्पादों को घर पर डाकिया से भी मंगवा सकते हैं। साथ ही आम, कटहल, मिर्ची, लहसुन एवं इमली के अचार की भी बिक्री होगी।

मखाना को प्राचीन काल से ही उपवास के दौरान खाया जाता है। इसमें मैग्निशियम, पोटाशियम, फाइबर, आयरन एवं जिंक भरपूर मात्रा में होते हैं। मखाना में प्रोटीन 9.7 प्रतिशत, कार्बोहाइड्रेट 76 प्रतिशत, नमी 12.8 प्रतिशत, वसा 0.1, खनिज लवण 0.5, फॉस्फोरस 0.9 एवं प्रति 100 ग्राम 1.4 एमजी लौह पदार्थ मौजूद है।
इस अवसर पर मिथिला नेचुरल्स के एमडी मनीष आनंद, निदेशक डाक सेवाएं पंकज कुमार मिश्र, जीएम (फाइनेंस) सच्चिदानंद प्रसाद, पोस्टमास्टर जनरल (पूर्वी प्रक्षेत्र) भागलपुर, पूर्वी प्रक्षेत्र के निदेशक पवन कुमार, सतर्कता अधिकारी हम्माद जाफर, पटना जीपीओ के चीफ पोस्टमास्टर रास बिहारी राम एवं सहायक निदेशक सत्य रंजन मौजूद थे।