मुख्य समाचार

धान की खरीद 21 फरवरी तक, शीघ्र भुगतान का निर्देश

पटना। बिहार में धान खरीद की समय-सीमा 21 फरवरी, 2021 तक बढ़ाने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कहा कि किसान समय-सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनकी सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। किसानों को धान का शीघ्र भुगतान का भी निर्देश दिया गया। 

मुख्यमंत्री सहकारिता विभाग के साथ धान खरीद से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी डीएम क्षेत्र का भ्रमण करें और किसानों से मिलकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें। इससे सभी किसानों से धान की खरीद हो सकेगी। 

सीएम ने कहा कि सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। किसान और पैक्स के बीच बेहतर को-ऑर्डिनेशन के लिए पदाधिकारी सजग रहें। पैक्स और चावल मिलों की भंडारण क्षमता का आकलन कर उसका विस्तार करें। जिन क्षेत्रों में धान की खरीद कम हुई है उसके कारणों की जानकारी प्राप्त करें। 

सहकारिता विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी ने धान खरीद से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में सभी जिलों के डीएम मौजूद थे। पटना, नालंदा, बांका, औरंगाबाद, गया, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, सुपौल, नवादा, अरवल, जहानाबाद, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण और लखीसराय जिलों के डीएम ने अपने जिलों में धान खरीद की जानकारी दी।

बैठक में ऊर्जा सह खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव दीपक कुमार, सचिव विनय कुमार एवं अनुपम कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें