मुख्य समाचार

30 जनवरी से बिहार संवाद यात्रा शुरू करेंगे जलपुरुष 

पटना। जलपुरुष डाॅ राजेंद्र सिंह बिहार संवाद यात्रा की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा (सारण) से करेंगे। 30 जनवरी से 12 फरवरी तक की यात्रा का आयोजन भारत पुनर्निर्माण अभियान से संबंधित है। यात्रा का समापन नालंदा में होगा। 

संवाद के मुद्दे जलवायु परिवर्तन, लोकशासन की संकल्पना, नफरत के बदले अहिंसा, गैर बराबरी उन्मूलन, श्रम केंद्रित समाज निर्माण एवं गरीबी उन्मूलन हैं। रमण मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित डाॅ राजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर बिहार संवाद यात्रा की जानकारी दी। 

डाॅ राजेंद्र ने बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाये जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की और अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ‘जल को संरक्षित कर और हरियाली को बढ़ावा देकर हम आने वाली पीढ़ी की रक्षा कर सकेंगे’ मुख्यमंत्री की यह सोच काफी दूरदर्शी है। 

उल्लेखनीय है कि 19 जनवरी, 2020 को पर्यावरण संरक्षण के पक्ष में बिहार के लोगों ने मानव श्रृंखला बनायी थी। इसमें जलपुरुष डाॅ राजेंद्र सिंह भी शामिल हुए थे।
मुख्यमंत्री ने बिहार संवाद यात्रा की सफलता की कामना करते हुए जलपुरुष को अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अभियान के संयोजक सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर मानव, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह एवं सचिव मनीष कुमार वर्मा भी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें