मुख्य समाचार

किसानों कीे आय बढ़ाने में सहायक होगा बजट : कृषि मंत्री 

पटना। कृषि, सहकारिता एवं गन्ना उद्योग मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह बजट कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुविधा एवं किसानों की आय बढ़ाने में कारगर सिद्ध होगा। आम बजट अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने वाला है। 

सूक्ष्म सिंचाई योजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। बिहार में जल-जीवन-हरियाली एवं हर खेत को पानी योजना में सूक्ष्म सिंचाई की अहम् भूमिका है। इससे किसानों को लाभ होगा। 

कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार देश का तीसरा सबसे बड़ा सब्जी उत्पादक राज्य है। ऑपरेशन ग्रीन योजना में 22 अतिरिक्त जल्दी सड़ने वाले उत्पादों को शामिल किया गया है। पहले इस योजना के अंतर्गत टमाटर, प्याज और आलू ही शामिल था। 

किसानों को संस्थागत वित्तीय संस्थानों से ऋण उपलब्ध कराने के लिए लक्ष्य को बढ़ाकर 16.5 लाख करोड़ रूपये कर दिया गया है। इसी तरह ग्रामीण और अवसंरचना विकास आवंटन को बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये किया गया है। कृषि उत्पाद विपणन पर्षद् (एपीएमसी) बुनियादी आधारभूत संरचना के विकास के लिए कृषि अवसंरचना कोष की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। ई-नाम के अंतर्गत एक हजार से अधिक मंडियों को जोड़ा जायेगा। सरकार किसानों को फसल लगात का अधिक मूल्य देने के लिए प्रतिबद्ध है। 
 


संबंधित खबरें