मुख्य समाचार

धान की रिकाॅर्ड खरीद, उसना चावल के उत्पादन पर जोर

पटना। बिहार में इस साल धान की रिकाॅर्ड खरीद हुई है। अब तक हुई खरीद पहले की तुलना में अधिक है। धान खरीद से संबंधित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह जानकारी दी गई। राज्य सरकार ने पहले ही किसानों की मांग पर धान खरीद की समय-सीमा 21 फरवरी तक बढ़ा दी है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि धान की अधिक खरीद होने से तैयार चावल का बिहार में ही अधिक खपत होगा। बिहार में अधिकतर लोग उसना चावल पसंद करते हैं। उसना चावल मिलों की शुरूआत को लेकर तेजी से काम करने का उन्होंने निर्देश दिया। इसके लिए सभी डीएम पैक्स एवं मिल मालिकों से बैठक कर उसना चावल के उत्पादन को प्रोत्साहित करें। उद्योग विभाग मिल मालिकों कीे पहले से ही मदद कर रहा है। 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अगले साल क्षेत्रवार वास्तविक एसेसमेंट कराएं ताकि और अधिक धान की खरीद समय पर शुरू हो सके। बचे हुए किसान और क्षेत्र में धान की उपलब्धता का भी आकलन करें। कोई भी इच्छुक किसान धान की खरीद से वंचित नहीं रहे। जिलों में गोदाम बनाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रैयत किसानों के साथ गैर रैयत किसानों से भी काफी मात्रा में धान की खरीद हुई है। इससे गरीब किसानों को अपने धान का उचित मूल्य मिल रहा है। 

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव विनय कुमार एवं सहकारिता विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी ने धान खरीद की की विस्तृत जानकारी दी। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से सभी डीएम जुड़े हुए थे। बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सहकारिता मंत्री सभाष सिंह, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं सचिव मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें