पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार बजट को संतुलित बताया है। उन्होंने कहा कि बजट सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखकर बनाया गया है। 2005 से अब तक राज्य की अर्थव्यवस्था की विकास दर डबल डिजिट में रही है। यह बजट विकास दर को और गति देगा। 2021-22 के लिए बजट का आकार 2,18,302.70 करोड़ रुपये है
सीएम ने बताया कि पिछली बार शुरू की गयी सात निश्चय योजना के अंतर्गत जो काम रह गये हैं। उन सभी काम को बजट में पूरा करने का उल्लेख किया गया है। जितनी योजनाएं पहले से चल रही हैं उन्हें एक वर्ष के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत जो काम चल रहे हैं, उसे निरंतर बढ़ाया जायेगा।
आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय पार्ट-2 के अंतर्गत सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में लोगों को रोजगार के लिए प्रेरित किया जाएगा। 20 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले, इस पर काम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में मेडिकल और इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय बनाने की तैयारी चल रही है। राजगीर में खेल विश्वविद्यालय बनाया जायेगा। नई पीढ़ी को पढ़ाई के साथ खेल के प्रति भी लगाव होना चाहिए। इससे उनका भविष्य और भी बेहतर बनेगा।