पटना। उद्यान महोत्सव में नवगछिया (भागलपुर) के पवन सर्राफ को सर्वश्रेष्ठ विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में उन्हें 19 पुरस्कार मिला है। उद्यान निदेशक नंद किशोर ने पवन को दस हजार रुपए नगद, प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो पुरस्कार के रूप में दिया। उद्यान महोत्सव का आयोजन पटना के देशरत्न उद्यान में किया गया।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के 473 किसान एवं फूल प्रेमियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। 17 वर्गों की 104 शाखाओं में 2943 सैंपल का रजिस्ट्रेशन हुआ। सैंपल का मूल्यांकन वैज्ञानिकों की कमिटी ने की। प्रत्येक वर्ग की हर शाखा में तीन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसान एवं कलाकारों को पुरस्कृत किया गया।
81 प्रतिभागियों को प्रथम, 82 को द्वितीय एवं 84 प्रतिभागियों को तृतीय पुरस्कार मिला। चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र के साथ क्रमशः पांच हजार, चार हजार एवं तीन हजार रुपये पारितोषिक दिया गया।
उद्यान निदेशक ने बताया कि महोत्सव में सामान्य रूप से उत्पादित फल, फूल एवं सब्जी के अलावा पाॅली हाऊस में उत्पादित सब्जी, मशरूम, मखाना, विशिष्ट फल, शहद एवं पान को भी शामिल किया गया। किशनगंज क्षेत्र में चाय की खेती एवं स्ट्राॅबेरी को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
डाॅ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, नारियल विकास बोर्ड पटना, जैविक सब्जी उत्पाद बसोका, बिहार सेंटर ऑफ एक्सेलेंस फल एवं सब्जी जैसी कई सरकारी संस्थाओं ने ज्ञानवर्द्धक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में घर की छत पर फल, फूल एवं सब्जी की खेती को बढ़ावा देने के लिए पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर एवं बिहारशरीफ में रूफ टाॅप गार्डनिंग योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। इस अवसर पर अपर निदेशक धंनजयपति त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक आभांशु जैन, उप निदेशक डाॅ राकेश कुमार समेत कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।