मुख्य समाचार

बोधगया के पांच एकड़ क्षेत्र में होगा आईआईटीटीएम परिसर 

पटना/नई दिल्ली। बोधगया में भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम) कैंप परिसर के लिए बिहार सरकार ने पांच एकड़ जमीन केंद्र सरकार को उपलब्ध करा दी है। केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। बोधगया कैंप आईआईटीटीएम भुवनेश्वर का विस्तारित केंद्र है। फिलहाल यह बोधगया स्थित राजकीय होटल प्रबंधन संस्थान (एसआईएचएम) से संचालित हो रहा है। 

बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने आईआईटीटीएम के इस कैंप की स्थापना की स्वीकृति दी थी। बिहार और खासकर बोधगया में बड़ी संख्या में विभिन्न देशों से बौद्ध धर्मावलंबी पर्यटक आते हैं। ऐसे में बोधगया में भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंध संस्थान की स्थापना से बिहार के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। 

पर्यटन राज्यमंत्री ने बताया कि आईआईटीटीएम ने वर्ष 2019 से राजकीय होटल प्रबंधन संस्थान बोधगया परिसर से चीनी, थाई, जापानी एवं वियतनामी भाषाओं में पर्यटकों की सुविधा के लिए पाठ्यक्रम शुरू किया है। दो शैक्षणिक सत्र 2018-19 और 2019- 20 में 525 लोगों को प्रशिक्षित किया गया है।
 


संबंधित खबरें