पटना/नई दिल्ली। बिहटा एयरपोर्ट के लिए बिहार सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को अब तक 108 एकड़ जमीन मुफ्त में दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर रनवे के लिए नागर विमानन मंत्रालय ने बिहार सरकार से 191.5 एकड़ जमीन मांगी है। इतनी जमीन मिलने से रनवे की लंबाई बढ़कर 12,000 फीट हो जाएगी। राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी के प्रश्न के जवाब में नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह जानकारी दी।
नागर विमानन मंत्री ने बताया कि बिहटा एयरपोर्ट में मौजूदा रनवे की लंबाई 8200 फीट है। इस लंबाई पर ए 320 एवं ए 321 टाइप के छोटे विमानों का परिचालन ही संभव है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के परिचालन के लिए मौजूदा रनवे की लंबाई 12,000 फीट करने की जरूरत है। इससे बोइंग 777 और बोइंग 787 जैसे बड़े विमानों का परिचालन हो सकेगा। अंतरराष्ट्रीय परिचालन के साथ कार्गो की वृद्धि भी हो सकेगी।
मंत्री ने कहा कि पटना एयरपोर्ट का रनवे छोटा है। इस कारण एएआई और भारतीय वायु सेना के संयुक्त उपयोग के लिए बिहटा में 937 करोड़ की लागत से बड़े आकार के विमानों के परिचालन के लिए सिविल एन्क्लेव का निर्माण प्रस्तावित है। अन्य औपचारिकता और पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।