पटना। आयकर सीमा में आने वाले किसानों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत भुगतान की गयी राशि को कृषि विभाग वापस ले रहा है। राशि विभाग की विश्वेश्वरैया भवन स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा में वापस ली जाएगी। एकाउंट कृषि निदेशक, बिहार के पदनाम से है। खाता संख्या 38269533475 और आईएफएससी कोड SBIN0006379 है।
इधर, कुछ जालसाजों ने कृषि निदेशक के नाम से फर्जी पत्र किसानों को भेजा है। पत्र के जरिए फर्जी खातों में राशि लौटाने के लिए कहा जा रहा है। कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि विभाग का एक मात्र एकाउंट 38269533475 है। इसके अलावा किसी भी एकाउंट से कृषि विभाग का कोई संबंध नहीं है। अतः किसानों को सतर्क रहना चाहिए। जालसाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।
यूपी के बस्ती जिला के कन्हैया लाल (पता-गुलरिहा सीरमा, मुंडरवा बस्ती) एवं जयपुर के जीवन कुमार (पता- मकान सं 53, राजीव काॅलोनी, ओल्ड रामगढ़, ब्रह्मपुरी आमेर रोड) ने किसानों को कृषि निदेशक के नाम से फर्जी पत्र एवं फर्जी एकाउंट नंबर जारी किया है। एसबीआई में खोल गए फर्जी खातों का नंबर 34668942101, आईएफएससी कोड SBIN00006379 एवं 30792851070, आईएफएससी कोड SBIN0006379 है।
कृषि विभाग का कहना है कि किसानों से राशि वापसी की सूचना शीघ्र विज्ञापन के जरिए जारी की जाएगी। इससे संबंधित फर्जी फोन कॉल एवं एसएमएस मिलने पर सूचना तुरंत अपने नजदीक के पुलिस थानों को दें। विशेष जानकारी के लिए किसान काॅल सेंटर के टाॅल फ्री नंबर 18001801551 एवं कृषि विभाग के टेलीफोन नंबर 0612-2233555 पर भी संपर्क कर सकते हैं।