पटना। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से रोकथाम एवं बचाव के लिए नियमित मास्क जांच अभियान चलाने एवं जुर्माना वसूली का निर्देश जारी किया गया है। प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने पटना जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की। उन्होंने कोरोना जांच एवं टीकाकरण में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
होली पर बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना जांच की व्यवस्था पटना एयरपोर्ट, पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर एवं दानापुर रेलवे स्टेशन पर की गई है। साथ ही मीठापुर एवं बांकीपुर बस स्टैंड पर भी जांच की व्यवस्था रहेगी।
आयुक्त ने टेस्टिंग एवं वैक्सीनेशन सेंटर के नियमित निरीक्षण एवं निगरानी पर जोर दिया। पटना शहरी क्षेत्र के सभी पीएचसी, पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, जयप्रकाश नारायण अस्पताल राजवंशी नगर, न्यू गार्डिनर अस्पताल, गर्दनीबाग अस्पताल एवं पाटलिपुत्र अशोक में टेस्टिंग एवं वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई है।
कोई भी व्यक्ति सुबह दस बजे से तीन बजे तक सेंटर में जाकर कोरोना जांच करा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र के सभी अनुमंडल एवं रेफरल अस्पताल और पीएचसी में भी टेस्टिंग एवं वैक्सीनेशन की व्यवस्था है। कंट्रोल रूम को लगातार जारी रखने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन एवं जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर क्रमशः 0612-2249964 एवं 0612-2219090 है। बैठक में डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, ट्रैफिक एसपी डी. अमरकेश, अपर नगर आयुक्त शीला ईरानी, सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी एवं एडीएम विधि-व्यवस्था केके सिंह मौजूद थे।