मुख्य समाचार

बिहार को आगे बढ़ाने का सभी लें संकल्प : सीएम 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार दिवस मनाने का मकसद है कि हम सब मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएं। इसके लिए सभी के मन में आत्मविश्वास होना चाहिए। देश के बाहर भी बिहार दिवस मनाया जा रहा है। बिहार का इतिहास काफी गौरवशाली रहा है। यह ज्ञान की भूमि है। पटना प्राचीन काल में पाटलिपुत्र कहलाता था। यहीं से बहुत बड़े क्षेत्र पर शासन होता था। 

ज्ञान भवन में 109वें बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार को अलग प्रांत के रूप में 22 मार्च 1912 को नोटिफाई किया गया। इस आधार पर हमलोगों ने 22 मार्च को बिहार दिवस मनाना निश्चित किया। बिहार ज्ञान और मोक्ष की धरती है। 

हमलोगों का उद्देश्य है सभी बच्चे शिक्षित हों। जब सभी शिक्षित होंगे तभी बिहार फिर से गौरवशाली इतिहास को प्राप्त करेगा। बिहार दिवस के आयोजन की जिम्मेवारी शिक्षा विभाग को दी गई है। लोगों को शिक्षित करने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। 

बिहार दिवस पर इस बार का थीम जल-जीवन-हरियाली रखा गया है। इस अभियान का मतलब है जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। बिहार में किए जा रहे कार्यों की चर्चा संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) में भी हुई है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी कार्यक्रमों में राज्य गीत जरूर गाएं ताकि सभी के मन में बिहार के प्रति सम्मान का भाव पैदा हो। गंगा जल उद्वह योजना के अंतर्गत बोधगया, गया, राजगीर और नवादा के सभी घरों में गंगा जल को शुद्ध पेयजल के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। मौसम अनुकूल कृषि कार्य को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार के आठ जिलों से इसकी शुरुआत की गई है। 

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें