पटना। गोपालगंज में मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड, गया में विष्णु बेकर्स प्रा. लि. एवं औरंगाबाद में बाबा एग्रो फूड लिमिटेड की यूनिट लगाने के प्रस्तावों को कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई। इससे राज्य में 216.90 करोड़ रुपए का नया निवेश होगा। राज्य सरकार की औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत इन्हें वित्तीय सहायता भी मिलेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों के 35 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड फिलहाल 75 केएलपीडी क्षमता की एथेनाॅल यूनिट लगाएगी। इसे 100 केएलपीडी क्षमता तक बढ़ाया जा सकेगा। लागत 133.25 करोड़ रुपए है। यूनिट गोपालगंज जिले के सिधवलिया ब्लाॅक के बुचैया गांव में लगेगी।
गया के शेरघाटी में पहले से स्थापित विष्णु बेकर्स प्रा. लि. अपनी क्षमता का विस्तार कर रही है। कंपनी पोटेटो चिप्स, टकाटक एवं ट्रेडिशनल नमकीन के कारोबार में है। क्षमता विस्तार की लागत 38.26 करोड़ रुपए है। बाबा एग्रो फूड लिमिटेड 20 एमटीपीएच क्षमता का राइस मिल लगाने जा रही है। 45.39 करोड़ की लागत से यूनिट औरंगाबाद जिले के मदनपुर में लगेगी।
इसके अलावा आपराधिक घटनाओं की जांच को शीघ्र पूरा करने के लिए राज्य में 9 क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोशालाओं की स्थापना एवं पद सृजन को भी स्वीकृति दी गई। मत्स्य विकास योजना के अंतर्गत मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के 264 नियमित पदों के सृजन को भी मंजूरी मिल गई।