पटना। अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर की नियमित आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन ने आपूर्तिकर्ता एवं अस्पताल प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डीएम डाॅ चंद्रशेखर सिंह ने सभी आपूर्तिकर्ता को अपने उत्पादन का 90 प्रतिशत ऑक्सीजन सिलिंडर अस्पतालों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि कोरोना संक्रमित मरीजों का समुचित इलाज हो सके।
पटना में मेसर्स उषा एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड बाईपास रोड सिपारा, पाटलिपुत्रा इंडस्ट्रियल गैसेस प्राइवेट लिमिटेड सबलपुर दीदारगंज एवं बंशी एयर गैस प्राइवेट लिमिटेड फतुहा आपूर्तिकर्ता हैं। संबंधित एजेंसियों को कोरोना संकट को देखते हुए अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक एजेंसी में एक-एक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये अस्पतालों को गई आपूर्ति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेंगे।
साथ ही प्रत्येक प्राइवेट अस्पताल में एक-एक नोडल पदाधिकारी की भी तैनाती की गई है। अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था उद्योग विभाग करेगा। डीएम ने अस्पतालों में आवश्यकता के अनुरूप ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए एक सेल का गठन करने का निर्देश दिया। इसमें महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, औषधि निरीक्षक एवं बियाडा के एक अधिकारी होंगे।
डीएम ने सभी अस्पताल प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन की आवश्यकता के अनुरूप ही सिलिंडर प्राप्त करें। इसका अवैध भंडारण नहीं करेंगे ताकि सभी अस्पतालों में मरीजों को सिलिंडर उपलब्ध हो सके। पटना सदर, दानापुर एवं पटना सिटी के एसडीओ को सिलिंडर के अवैध भंडारण की जांच का निर्देश दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं प्राइवेट अस्पताल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।