पटना। बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने ऑक्सीजन उत्पादन नीति 2021 लागू किया है। इसके तहत निवेशकों को 30 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान (अधिकतम 25 करोड़ तक) मिलेगा। पूर्व डिप्टी सीएम एवं सांसद सुशील कुमार मोदी ने उद्योगपतियों से अपील की है कि वे बैंक ऋण एवं बिहार की ऑक्सीजन नीति का लाभ उठा कर कोरोना की लड़ाई में सहभागी बनें।
भारत सरकार के निर्देश पर आरबीआई ने कोविड से मुकाबले के लिए अस्पताल, ऑक्सीजन प्लांट एवं अन्य चिकित्सा उपकरणों के निर्माण के लिए बैंकों के जरिये 50 हजार करोड़ की सस्ती ब्याज दर पर ऋण की घोषणा की है। 31 मार्च, 2022 तक अधिकतम 6.5 प्रतिशत ब्याज पर तीन साल के लिए ऋण मिलेगा।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार सरकार ने भी ऑक्सीजन उत्पादन नीति 2021 का ऐलान किया है। इसके तहत लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन उत्पादन के लिए क्रायजेनिक ऑक्सीजन प्लांट लगाने वाले निवेशकों को 30 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान मिलेगा। यह अधिकतम 25 करोड़ तक होगा। साथ ही औद्योगिक प्रोत्साहन नीति के अन्य प्रावधान ब्याज अनुदान, लैंड कन्वर्जन एवं निबंधन शुल्क में भी छूट मिलेगी।