पटना। लखीसराय जिला के कजरा और भागलपुर के पीरपैंती में निर्माणाधीन सोलर प्लांट के काम में तेजी लाने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि प्लांट के शुरू होने से सौर ऊर्जा का उत्पादन बढ़ेगा। यह पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी अच्छा है। दोनों यूनिट से 250-250 सौ मेगावाट बिजली का उत्पादन होना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुपौल जिला में बन रहे डागमारा हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट भी एडवांस स्टेज में है। यह बहुउद्देश्यीय परियोजना है। इससे 130 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। परियोजना में कोसी नदी के पानी का उपयोग किया जाएगा। इसके शुरू होने से राज्य को काफी फायदा होगा। उन्होंने हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया।
सीएम ने लोगों ने अपील करते हुए कहा कि सभी बिजली का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं। यह पर्यावरण के हित में भी है। बिजली की आपूर्ति राज्य सरकार कम दर पर कर रही है। उपभोक्ताओं को बिजली बिल में सब्सिडी भी मिल रही है।
हमलोगों की मांग रही है कि पूरे देश में बिजली की एक दर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्री-पेड स्मार्ट मीटर योजना बिहार में शुरू की गई है। इसे केंद्र सरकार ने भी स्वीकार किया है। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से करने का निर्देश दिया।
ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित रोडमैप की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऊर्जा मंत्री, मुख्य सचिव एवं विकास आयुक्त जुड़े हुए थे।