मुख्य समाचार

बाढ़ से बचाव के लिए सभी काम जल्द पूरा करें : सीएम 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ से बचाव के लिए सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने तटबंधों की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि बाढ़ को लेकर सभी अधिकारी पूरी तरह सचेत रहें, ताकि किसी भी परिस्थिति से निपटा जा सके। लोगों के बचाव की पूरी तैयारी रखें। बाढ़ की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि लोगों की सहायता एवं सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। 

मुख्यमंत्री ने विशेष अभियान चलाकर बारिश के पहले सभी पुल-पुलियों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण को 15 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया। पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग को बाढ़ प्रक्षेत्र की सड़कों पर विशेष नजर रखने एवं सभी कार्यों में गणवत्ता का ख्याल रखने के लिए कहा गया है। 

सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग कार्य करें। बाढ़ से बचाव की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। इससे भावी योजनाओं के निर्माण में भी मदद मिलेगी। 

बैठक के दौरान जल संसाधन, लघु जल संसाधन, पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य मंत्री ने प्रमंडलवार बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि यह बैठक लाभप्रद होगी। बैठक में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त एवं संबंधित विभागों के प्रमुख मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें