मुख्य समाचार

121 टीका एक्सप्रेस को सीएम ने दिखाई हरी झंडी             

पटना। शहरी क्षेत्रों के लिए 121 टीका एक्सप्रेस को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरदार पटेल भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही कोरोना की आरटीपीसीआर जांच के लिए चार और चलंत टेस्टिंग वैन को भी रवाना किया। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से 118 टीका एक्सप्रेस चलाकर वैक्सिनेशन कराया जा रहा है। आज शहरी क्षेत्रों के लिए 121 टीका एक्सप्रेस की शुरुआत की गई। टीका एक्सप्रेस से लोगों को टीका लेने में सहुलियत होगी। यह सुविधा उनके घर पर ही उपलब्ध होगी। उनका पूरा डिटेल लेकर रिकाॅर्ड में रखा जायेगा। साथ ही टीके के दूसरे डोज की तारीख की भी जानकारी दी जाएगी। 

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराना है। केंद्र सरकार भी इसमें सहयोग कर रही है। कोरोना से बचाव के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की दर घट रही है। फिर भी सभी लोगों को सचेत रहना है। आने वाली चुनौती से निपटने की भी पूरी तैयारी की गई है। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरीय अधिकारी जुड़े हुए थे। 
 


संबंधित खबरें