पटना। विश्व पर्यावरण दिवस पर एक अण्णे मार्ग में महोगनी प्रजाति का पौधा लगाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिशन पांच करोड़ पौधारोपण लक्ष्य की शुरुआत की। जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में पांच करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है।
पर्यावरण दिवस पर सभी वन प्रमंडलों में पौधारोपण की औपचारिक शुरुआत की गई। मनरेगा के अंतर्गत, जीविका दीदी, कई एनजीओ एवं पैरामिल्ट्री फोर्स ने विभिन्न स्थलों पर पौधारोपण कार्य शुरू किया। लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग की पौधशालाओं में पांच करोड़ से अधिक पौधे तैयार कराये गये हैं। 1.24 करोड़ पौधे विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत लगेंगे।
ग्रामीण विकास विभाग के मनरेगा के अंतर्गत दो करोड़ एवं बिहार जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति के तहत जीविका दीदियों से 1.5 करोड़ पौधारोपण किया जाना है। कृषि वानिकी योजना के अंतर्गत किसानों को 50 लाख पौधे उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। योजना के अंतर्गत किसानों को तीन साल के बाद 60 रुपए प्रति पौधे दिए जाएंगे। राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के लिए वर्ष 2012 में हरियाली मिशन की स्थापना की गई थी। बिहार से झारखंड अलग होने के बाद राज्य में हरित आवरण काफी कम हो गया था। यह अब बढ़कर लगभग 15 प्रतिशत हो गया है।
डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने भी देशरत्न मार्ग स्थित आवास पर फलदार पौधे का रोपण किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग सामाजिक जनभागीदारी के साथ पारिवारिक उत्सव एवं मांगलिक कार्यों पर पौधारोपण करें। अभी कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों ने ऑक्सीजन की वजह से परेशानियों को महसूस किया है। इसलिए आवश्यकता है कि अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाएं।