मुख्य समाचार

बांस उद्योग की काफी संभावनाएं, योजनाओं के प्रचार-प्रसार का निर्देश 

पटना। बिहार में बांस से जुड़े उद्योग की काफी संभावनाएं हैं। इसको देखते हुए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह ने बांस के पौधों के रोपण से जुड़ी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि बांस उत्पाद निर्माण से जुड़े लोगों के लिए कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का समय-समय पर आयोजन करें। इससे राज्य में बांस आधारित उद्योग की स्थापना हो सकेगी। 

पर्यावरण मंत्री अरण्य भवन में विभागीय कार्य एवं जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।  उन्होंने अभियान के अंतर्गत योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं मिशन पांच करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। 

कृषि वानिकी योजना के अंतर्गत किसानों से संपर्क कर आवेदन लेने एवं उनकी सुविधा के लिए मोबाइल वैन से पौधों की बिक्री करने पर जोर दिया। अधिकारियों से उन्होंने कहा कि विभिन्न हितधारकों को पौधे उपलब्ध कराने से पहले यह पता कर लें कि उनके पास पौधे लगाने लायक जमीन है या नहीं। हितधारकों में केंद्रीय पैरामिलीटरी बल, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थान, बोर्ड एवं क्लबों के प्रतिनिधि हैं। 

सभी वन प्रमंडल पदाधिकारियों को 21 जून तक जीविका के जिला स्तरीय डीपीएम के साथ बैठक कर पौधों के वितरण संबंधित कार्य योजना तैयार करने का निर्देश मिला। प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने विभाग की योजनाओं एवं क्रियाकलापों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सभी क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। 


संबंधित खबरें