मुख्य समाचार

बिहार सदन का निर्माण होने से बिहारवासियों को होगी सुविधा

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दिल्ली में बिहार सदन का निर्माण होने से बिहार के लोगों को दिल्ली में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। बिहार सदन 10 मंजिला भवन है। इसमें 118 कमरे हैं। मल्टीपर्पस हॉल, कैंटीन एवं कार पार्किंग की सुविधा है। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इसके कैंपस का विकास किया गया है। 

उन्होंने कहा कि बिहार सदन के निर्माण के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण के तत्कालीन उपाध्यक्ष यूपी सिंह ने जमीन उपलब्ध कराई थी। बिहार सदन में सभी विभागों के ऑफिस की भी व्यवस्था है। इसके मेंटेनेंस की जिम्मेवारी भवन निर्माण विभाग की है। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 169 सरकारी भवनों के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इन भवनों की निर्माण लागत 1411 करोड़ रुपए है। उन्होंने 725.22 करोड़ रुपए की लागत से 12 विभागों के 73 भवनों का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पहले से दो भवन बिहार भवन और बिहार निवास बनाए गए हैं। उन दोनों भवनों से जरूरत पूरी नहीं हो रही थी। बिहार से दिल्ली जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। इसलिए तीसरे भवन बिहार सदन का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि पहले से बने दो भवनों का विस्तार भी किया जायेगा। कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और विभाग के सचिव कुमार रवि ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें