पटना। भारतीय मानक ब्यूरो ने बिहार राज्य बीज निगम को तीन तरह की प्रबंधन प्रणाली के लिए लाइसेंस दिया है। सभी लाइसेंस वर्ष 2024 तक के लिए दिए गए हैं। आईएसओ 9001ः2015 क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम (क्यूएमएस) के अनुसार उत्पाद एवं सेवाओं के गुणवत्ता प्रबंधन के लिए, आईएस-आईएसओ 14001ः2015 एनवायरनमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) एवं आईएस-आईएसओ 37001ः2016 एंटी ब्रिबेरी मैनेजमेंट सिस्टम (एबीएमएस) के लिए भारतीय मानक ब्यूरो ने लाइसेंस जारी किया है।
ब्यूरो के उपमहानिदेशक (पूर्वी क्षेत्र) पवन कुमार कानदोई ने बिहार राज्य बीज निगम के प्रबंध निदेशक सह कृषि निदेशक आदेश तितरमारे को तीनों प्रबंधन प्रणाली के लिए अलग-अलग प्रमाण पत्र दिया। इस तरह बीज निगम राज्य की एक मात्र संस्थान है, जिसे भारतीय मानक ब्यूरो ने गुणवत्ता प्रबंधन, पर्यावरण प्रबंधन एवं रिश्वत विरोधी प्रबंधन के लिए लाइसेंस दिया है।
राज्य बीज निगम चार दशकों से बिहार के किसानों को फसल बीज समय पर उपलब्ध करा रहा है। निगम राज्य के किसानों को बीज की होम डिलीवरी करने वाला देश का एक मात्र संस्थान है। इसकी केंद्र सरकार ने भी सराहना की है।