मुख्य समाचार

बिहार बीज की होम डिलीवरी करने वाला पहला राज्य

पटना। बिहार राज्य बीज निगम किसानों को उनके घर तक बीज की होम डिलीवरी करने वाला देश का पहला राज्य है। कोरोना काल में बीज की होम डिलिवरी माॅडल की गृह मंत्रालय ने भी प्रशंसा की है। मंत्रालय ने सभी राज्यों को इसे अपनाने की सलाह दी है। उक्त बातें कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बिहार राज्य बीज निगम के 44वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर कहीं। समरोह का आयोजन बामेती, पटना के सभागार में किया गया।

कृषि मंत्री ने कहा कि वर्ष 2021-22 में निगम ने दो लाख किसानों में 26 हजार क्विंटल बीज की होम डिलीवरी की है। राज्य बीज निगम के उत्पाद एवं सेवाओं को उच्च गुणवत्ता मानक के अनुरूप बनाने एवं भारतीय मानक ब्यूरो से तीन प्रमाणपत्र प्राप्त करना निगम की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को बीज उत्पादन से जोड़ने एवं किसानों से खरीद गए बीज की राशि का समय पर भुगतान करने का निर्देश दिया। सब्जी के साथ उद्यानिक फसलों के लिए भी बीज उत्पादन के क्षेत्र में काम करने पर उन्होंने जोर दिया। 

कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार राज्य बीज निगम अपने बीज प्रसंस्करण संयं़त्रों के आधुनिकीकरण एवं क्षमता विस्तार को लेकर संवेदनशील है। वर्तमान में कुदरा प्रसंस्करण केंद्र पर चारटीपीएच क्षमता का आधुनिक प्रसंस्करण संयंत्र लगाया गया है। साथ ही निगम पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सजग है। 

इस मौके पर निगम के नये प्रसंस्करण संयंत्र, फूलगोभी के कीर्ति एवं देवश्री प्रभेद, मिर्च के तेजस, भिंडी के काशी चमन, प्याज के सुख सागर एवं मक्का के संकर प्रभेद आराधना एवं पल्लव के प्रसंस्कृत बीज एवं नए डिजाइन के बोरों का लोकार्पण किया गया। 

कृषि विभाग के सचिव डाॅ एन. सरवण कमार ने बताया कि वर्ष 2020-21 में मिशन चार योजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत धान, गेहूं, दलहन, तिलहन, मक्का एवं सब्जी के उत्पादन लक्ष्य कुल चार लाख क्विंटल बीज के विरुद्ध 3.11 लाख क्विंटल बीज का संग्रहण किया गया है। इसमें से खरीफ 2021 में 94,250 क्विंटल धान बीज का विपणन किया गया है। यह राज्य की कुल जरूरत का 20 प्रतिशत है। कृषि निदेशक सह बिहार राज्य बीज निगम के एमडी आदेश तितरमारे ने भी अपने विचारों को रखा। 
 


संबंधित खबरें