मुख्य समाचार

पटना-गया-डोभी सड़क का निर्माण 2022 तक होगा पूरा 

पटना/नई दिल्ली। जापान सरकार के सहयोग से पटना-गया-डोभी (एनएच 83) सड़क का निर्माण दिसंबर 2022 तक पूरा होने की संभावना है। 127 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 1610.47 करोड़ रुपए है। राज्यसभा में सांसद सुशील कुमार मोदी के सवाल पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीनों पैकेज की सड़क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध हो गई है।

जमीन की अनुपलब्धता के कारण विगत पांच वर्षों से इस राजमार्ग का निर्माण कार्य अटका हुआ था। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पटना-गया-डोभी सड़क का निर्माण नवंबर 2020 से शुरू किया गया है। इस पर मई, 2021 तक 91.15 करोड़ राशि खर्च की गई है। तीनों पैकेज की भौतिक प्रगति अभी औसत नौ प्रतिशत है।

सुशील कुमार मोदी के एक अन्य सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि प्रधानमंत्री पैकेज के तहत पटना के महात्मा गांधी सेतु के समानांतर चार लेन वाले पुल एवं आठ लेन के पहुंच पथ की स्वीकृति दी गई है। इसकी लागत 2962.42 करोड़ रुपए है।

इसी साल 25 मार्च, 2021 से इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अब तक भौतिक प्रगति चार प्रतिशत है। सितंबर, 2024 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। इसके तहत पटना जाने वाले पहुंच पथ पर एक सड़क ऊपरि पुल (आरओबी), दो भूमिगत मार्ग एवं 1565 मीटर लंबा एलिवेटेड पथ का निर्माण होगा।
 


संबंधित खबरें