मुख्य समाचार

यात्रियों की सुविधा के लिए सभी एयरपोर्ट पर लगे माप-तौल उपकरण

पटना। बिहार के पटना, गया एवं दरभंगा एयरपोर्ट पर इलेक्ट्राॅनिक माप-तौल उपकरण लग गए हैं। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बामेती, पटना के सभागार से सभी उपकरणों का उद्घाटन किया। तीनों एयरपोर्ट पर पैसेंजर सामान के निःशुल्क वजन की सुविधा दी गई है। उपकरणों के रखरखाव की जिम्मेवारी कृषि विभाग के माप-तौल संभाग की होगी। 

बोर्डिंग के समय पैसेंजर को सामान के वजन की सही जानकारी नहीं रहने के कारण कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए यह व्यवस्था की गई है। यात्रियों को परिसर में प्रवेश करने के पहले ही अपने सामान के वजन की जानकरी मिल जाएगी। यह सुविधा पहली बार बिहार में दी गई है।

कृषि मंत्री ने विभाग के माप-तौल संभाग के साॅफ्टवेयर वेब एप्लीकेशन ई-मापतौल एवं राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में माप-तौल जांच उपकरणों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि माप-तौल संभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता लाने एवं व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी से राहत देने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है। वाट-माप उपकरणों के मुहरांकन को छोड़कर सभी सेवाएं ऑनलाइन हो गई हैं। 

माप-तौल संभाग के कार्य संपादन के लिए एनआईसी ने यह साॅफ्टवेयर तैयार किया है। इससे शुल्क जमा के साथ सत्यापन प्रमाणपत्र एवं अन्य प्रमाणपत्र ऑनलाइन ही उपलब्ध होंगे। इस मौके पर कृषि विभाग के सचिव डाॅ एन. सरवण कुमार, निदेशक आदेश तितरमारे, उद्यान निदेशक नंद किशोर, विशेष सचिव रवींद्रनाथ राय, माप-तौल नियंत्रक अनिल कुमार एवं पाटलिपुत्र इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष बलराज कपूर उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें