पटना/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री के अगस्त 2015 में घोषित बिहार पैकेज से 54,700 करोड़ रुपए की लागत से 90 परियोजनाओं पर काम हो रहा है। सड़क एवं पुल-पुलियों की 18 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 40 परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें कई काम 60 से 94 प्रतिशत तक हो चुके हैं। राज्यसभा में सांसद सुशील कुमार मोदी के सवाल के जवाब में केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय परिवहन मंत्री ने बताया कि 31 मार्च, 2021 तक पीएम पैकेज के तहत बिहार की सड़क परियोजनाओं पर 16,890 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। पांच परियोजनाएं अवार्ड कर दी गई हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। तीन परियोजनाएं निविदा एवं शेष 24 परियोजनाएं डीपीआर चरण में हैं।
भागलपुर बाईपास, बिहारशरीफ-बरबीघा-मोकामा, छपरा-रेवाघाट-मुजफ्फरपुर सहित 18 सड़क परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। फतुहा-बाढ़, सीतामढ़ी-जयनगर, जयनगर-नरहिया, पटना में महात्मा गांधी सेतु का निर्माण एवं पुनर्स्थापन सहित 40 परियोजनाओं का काम प्रगति पर है।