मुख्य समाचार

सात अगस्त से प्रतिदिन खुलेंगी राज्य की सभी दुकानें

पटना। कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने सात अगस्त से सभी दुकानों को प्रतिदिन खोलने का निर्णय लिया है। दुकान संचालन का समय शाम सात बजे तक रहेगा। साप्ताहिक बंदी के साथ राज्य की सभी दुकानों पर यह व्यवस्था 25 अगस्त तक लागू रहेगी। वर्तमान में दुकानें एक दिन के अंतराल पर खुल रहीं हैं। 

सिनेमा हाॅल एवं शाॅपिंग माॅल को कुछ प्रतिबंधों के साथ खोलने की अनुमति मिली है। सिनेमा हाॅल पचास प्रतिशत क्षमता के साथ शाम सात बजे तक जबकि शाॅपिंग माॅल एक दिन के अंतराल पर (पटना जिला के लिए मंगलवार, गुरुवार एवं शुक्रवार)  खुलेंगे। चार अगस्त को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में कई निर्णय लिए गए। बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई। 

सात अगस्त से नौवीं और दसवीं कक्षा के स्कूल जबकि 16 अगस्त से पहली से आठवीं कक्षा के स्कूल खुल जाएंगे। सभी कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति पचास प्रतिशत रहेगी। 

दसवीं कक्षा से ऊपर के छात्रों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थानों में भी छात्रों की उपस्थिति पचास प्रतिशत रहेगी। स्कूलों में बच्चों को कोविड अनुकूल व्यवहार की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। सार्वजनिक वाहनों को पूरी क्षमता के साथ चलने की अनुमति दी गई है।  

क्लब, जिम एवं स्वीमिंग पूल पहले से जारी निर्देशों के अनुसार पचास प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित होंगे। रेस्टारेंट एवं खाने की दुकानों में भी अधिकतम पचास प्रतिशत क्षमता की अनुमति है। होम डिलीवरी की सुविधा सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक रहेगी। पार्क एवं उद्यान का समय सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक ही है। राज्य में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा।        
 

 


संबंधित खबरें