पटना। सिल्क सिटी भागलपुर में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाॅजी (सिपेट), हाजीपुर के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी। उद्योग विभाग के इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी मिल गई। इससे रोजगार या स्वयं के उद्यम के लिए बेहतर व्यावसायिक प्रशिक्षण की इच्छा रखने वाले बिहार के युवा-युवतियों को एक बड़ी सौगात मिली है।
व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना भागलपुर को-ऑपरेटिव स्पिनिंग मिल परिसर में होगी। परियोजना की अनुमानित लागत चालीस करोड़ दस लाख सत्तहतर हजार रुपये है। इस राशि का वहन केंद्र और राज्य सरकार 50ः50 के आधार पर करेगी। योजना का कार्यान्वयन तीन वर्ष के अंदर करना है।
हाजीपुर स्थित सिपेट केंद्र सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्तशासी संस्थान है। संस्थान के जरिए राज्य के युवा-युवतियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ युवा-युवतियों का रोजगार या स्वरोजगार में मिलेगा।
उद्योग मंत्री ने जाहिर की खुशी : भागलपुर में सीपेट के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की मंजूरी पर उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ राज्य में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी प्रयत्नशील है। यह संस्थान बिहार के युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार के लिए तकनीकी दक्षता हासिल करने का नया अवसर देगा। इससे उन्हें भविष्य संवारने में मदद मिलेगी।