मुख्य समाचार

सुपौल में मखाना क्लस्टर विकसित करने का निर्देश 

सुपौल। सुपौल जिले में मखाना क्लस्टर विकसित करने का निर्देश उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने दिया है। सुपौल दौरे पर पहुंचे उद्योग मंत्री ने कहा कि मखाना उद्योगों का क्लस्टर तैयार होने से इस क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ होगा। इस जिले में इथेनॉल यूनिट के लिए भी काफी प्रस्ताव आए हैं, लेकिन खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की भी काफी संभावना है। 

उद्योग मंत्री ने जिले के चैनसिंहपट्टी ग्रामीण क्षेत्र स्थित बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। औद्योगिक क्षेत्र को अन्य उद्योगों की स्थापना के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत मखाना क्लस्टर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। 

औद्योगिक क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने इसका दायरा बढ़ाने का निर्देश डीएम महेंद्र कुमार को दिया। सुपौल औद्योगिक क्षेत्र को फिलहाल 70.33 एकड़ जमीन मिली हुई है। इसके आसपास करीब 50 एकड़ की सरकारी जमीन उपलब्ध है। साथ ही सुपौल औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी सड़क की चौड़ीकरण, हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी और मनरेगा योजना का इस्तेमाल करते हुए पूरे औद्योगिक क्षेत्र में मिट्टी भराई का भी निर्देश दिया । 

उद्योग मंत्री ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की ताकि सुपौल का औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो और इसका लाभ पूरे जिले को मिले। इस दौरान जिला प्रशासन एवं बियाडा के अधिकारी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें