पटना। बिहार के पांच रेलवे स्टेशनों पर हस्तशिल्प, खादी एवं हस्तकरघा उत्पादों की अस्थायी प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र का शुभारंभ उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने किया। 75वां स्वतंत्रता समारोह पूरे देश में आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत देश के 75 रेलवे स्टेशनों पर आत्मनिर्भर भारत के बैनर तले अस्थायी प्रदर्शनी सह बिक्री स्टॉल लगाने का निर्णय लिया गया। इनमें पांच रेलवे स्टेशन बिहार से भी हैं।
प्रदर्शनी बिहार के पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर और मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशनों पर लगी है। इस कार्यक्रम में प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र से स्टॉल संचालक एवं आगंतुक वर्जुअल माध्यम से एक साथ जुड़े और उद्योग मंत्री ने सभी को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव सभी के लिए खास क्षण है। पूरे देश में यह महोत्सव आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के मकसद से मनाया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि बिहार के पारंपरिक उद्योगों से लेकर सभी तरह के उद्योगों को बढ़ावा मिले।
रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र खुलने से न सिर्फ बिहार के हस्तशिल्प, खादी एवं हस्तकरघा उत्पाद का प्रचार प्रसार होगा बल्कि इस उद्यम से जुड़े कारीगर एवं बुनकरों की आय भी बढ़ेगी। पटना और दरभंगा स्टेशनों पर स्थापित स्टॉल का संचालन जहां उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान और खादी ग्रामोद्योग आयोग कर रहा है, वहीँ गया, भागलपुर व मुजफ्फरपुर जंक्शन पर संचालन बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से हो रहा है।