मुख्य समाचार

मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क में निवेश के लिए आगे आएं बिहार के उद्यमी

पटना। मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क एवं राज्य के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने पटना में बिहार के उद्यमियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि 160 एकड़ में मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क का निर्माण होना है। अब तक मिले आवेदन पर 86 एकड़ जमीन सुरक्षित कर दी गई है। अभी भी बिहार के उद्यमियों के लिए 74 एकड़ जमीन बची है। 

इन्वेस्टर्स मीट ऑन फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री विषय पर केंद्रित बैठक में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) से जुड़े बिहार के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों ने भाग लिया। बियाडा की तरफ से एक प्रेजेंटेशन दिया गया। इसमें उद्योगपतियों को बताया गया कि मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क में निवेश के लिए वे कैसे आवेदन कर सकते हैं और उन्हें किस तरह की सुविधाएं या प्रोत्साहन के रूप में छूट मिलेगी। सवाल-जवाब सत्र में कई उद्यमियों ने सवाल कर अपनी दुविधाएं दूर की।

मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क की जानकारी देते हुए उदयोग मंत्री ने कहा कि रेल, हवाई या सड़क संपर्क के दृष्टिकोण से यह लोकेशन बहुत अच्छा है। मेगा फूड पार्क पटना और दरभंगा एयरपोर्ट के बीच में है। इस्ट-वेस्ट कॉरिडोर भी काफी करीब है। मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क में निवेश हर लिहाज से फायदेमंद है।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योग के लिए सरकार की नीतियों की जानकारी दी। उद्यमियों को बताया गया कि मुजफ्फरपुर मेगा फूड पार्क के अलावा खगड़िया में लग रहे फूड पार्क को शीघ्र विकसित किया जाएगा। जहानाबाद के समीप 30 एकड़ जमीन में एक निजी फूड पार्क का प्रस्ताव आया है। राज्य सरकार नियमानुसार इस फूड पार्क को सहायता देगी। 


संबंधित खबरें