मुख्य समाचार

30 साल बाद स्पन सिल्क मिल के 287 कर्मियों को मिली राशि

भागलपुर। रक्षा बंधन के दिन भागलपुर स्थित बिहार स्पन सिल्क मिल के 287 कर्मचारी एवं उनके आश्रितों को उद्योग विभाग ने बड़ी राहत दी है। 30 साल के इंतजार के बाद उन्हें बकाया वेतन में छह महीने का वेतन एक साथ दिया गया। बकाया वेतन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके कर्मियों को जब चेक मिला, तो उनके चेहरे पर खुशी झलक रही थी। 

उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने 55 लाख 42 हजार 14 रुपए का चेक कर्मियों में वितरित किया। 13 करोड़ की लागत से भागलपुर में बने रेशम भवन के पहले कार्यक्रम में शाहनवाज ने कहा कि मैंने आपसे मदद का वादा किया था। उसे आज मैंने पूरा कर दिया। बाकी बचे वेतन को दिलाने के लिए भी पूरी कोशिश करुंगा। 

बुनकरों में बंटी 36 लाख राशि : उद्योग मंत्री ने भागलपुर और बांका के 360 बुनकरों में भी 36 लाख की रकम बांटी। रेशम भवन में ही प्रत्येक बुनकर को 10-10 हजार रुपए का चेक कार्यशील पूंजी के रूप में दी गई। चेक पाने वाले बुनकरों में 250 भागलपुर और 110 बांका जिला से हैं।

भागलपुर जिला में बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के तीन रेशम सूत कताई प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई। नाथनगर में एक एवं दरियापुर में दो प्रशिक्षण केंद्र हैं। इस मौके पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भागलुपर की खादी संस्थाओं को पिछले दो वर्षों में कार्य़शील पूंजी के रूप में 2.66 करोड़ राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा 210 नए मॉडल का चरखा, 33 लूम एवं 560 कटिया चरखा भी मुफ्त दिया गया है।
 


संबंधित खबरें