पटना। 130 किलोमीटर लंबे चार स्टेट हाइवे (एसएच) का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोकार्पण किया। इन पथों की लागत 1121 करोड़ रुपए है। इसके अंतर्गत 332 करोड़ की लागत से 41.1 किलोमीटर के एसएच 84 (घोघा-पंजवारा पथ), 220.72 करोड़ से 29.55 किलोमीटर एसएच 85 (अमरपुर- अकबरनगर पथ), 504 करोड़ रुपए की लागत से 55 किलोमीटर एसएच 102 (बिहियां-जगदीशपुर-पीरो-बिहटा पथ) एवं 64.60 करोड़ रुपए की लागत से 4.55 किलोमीटर लंबाई के एसएच 91 (बीरपुर-उदाकिशुनगंज पथ) शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरू में राज्य के सुदूर इलाके से छह घंटे में राजधानी पटना पहुंचने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरा कर लिया गया। अब पांच घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर काम हो रहा है। गाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। कई राज्य उच्च पथ (स्टेट हाइवे) को फोरलेन में बदला गया है। राज्य उच्च पथ संख्या 84, 85, 102 एवं 91 का लोकार्पण किया गया है। इससे लोगों को आवागमन में और सहूलियत होगी।
सीएम ने कहा कि सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण के साथ उनका मेंटेनेंस जरूरी है। इसे लोक शिकायत निवारण अधिनियम में भी शामिल किया गया है ताकि मेंटेनेंस नहीं होने की शिकायत पर दोषियों पर कार्रवाई हो सके। विभाग के स्तर पर मेंटेनेंस होने से बेहतर निगरानी होगी और खर्च भी कम होगा। कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन एवं अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने भी संबोधित किया।