पटना/नई दिल्ली। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार को दो टेक्सटाइल पार्क देने का प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण और कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए कम से कम एक हजार एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है। यह बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए उपयुक्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर टेक्सटाइल पार्क की परिधि खासकर बिहार के लिए दो-दो सौ एकड़ कर दी जाती है, तो काफी अच्छा रहेगा। दो-दो सौ एकड़ के दो टेक्सटाइल पार्क के लिए बिहार के पास जमीन उपलब्ध है। अगर केंद्र सरकार की ओर से बिहार की इन मांगों को स्वीकार किया जाता है, तो हम शीघ्र बिहार में दो टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की स्थिति में होंगे।
उद्योग मंत्री ने बिहार की इथेनॉल इकाईयों को बैंकों के वित्त पोषण और केंद्र की सभी वित्तीय सहायता स्कीमों का लाभ देने की भी मांग रखी। बिहार में उत्पादित इथेनॉल की 100 प्रतिशत खरीद के लिए कम से कम सात साल का त्रिपक्षीय करार इथेनॉल कंपनी, बैंक और तेल विपणन कंपनियों के बीच होना चाहिए। उद्योग मंत्री के साथ विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा भी थे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भरोसा दिया है कि बिहार में अधिक से अधिक इथेनॉल की इकाई लगाने के लिए केंद्र की तरफ से पूरी मदद दी जाएगी। बिहार को दो-दो सौ एकड़ के दो टेक्सटाइल पार्क की मांग पर भी केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया।
पीयूष गोयल को बताया गया कि बिहार में कच्चा माल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इसलिए बिहार को क्षमता के मुताबिक इथेनॉल का पूरा कोटा मिले। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस प्रस्ताव को ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स के समक्ष रखा जाएगा। यह भी प्रयास किया जाएगा कि बिहार में उत्पादित इथेनॉल का इस्तेमाल भविष्य में पेट्रोल के साथ डीजल और जेट फ्यूल में ब्लेंडिंग के लिए भी किया जाए।