पटना। उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान राज्य में बड़े पैमाने पर हस्तशिल्प प्रशिक्षण शुरू करेगा। बेहतर प्रशिक्षण मिलने से युवा-युवतियों को रोजगार मिलने में सुविधा होगी। यह निर्णय उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान की आमसभा की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने की।
उद्योग मंत्री ने कहा कि रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने के साथ यह भी जरूरी है कि बिहार के युवा-युवतियों को बढ़िया प्रशिक्षण मिले। उपेंद्र महारथी संस्थान बिहार का गौरव है। इस संस्थान से प्रशिक्षण पाने के बाद युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
आमसभा की बैठक में लिए गए निर्णय : संस्थान के स्थायी पद पर नियुक्ति के लिए नियमावली बनायी जाए। संस्थान को आयकर अधिनियम की धारा 12 ए एवं 80 जी के अंतर्गत निबंधन कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिमाह मिलने वाली राशि 800 रुपए को बढ़ाकर 1000 रुपए करने का निर्णय लिया गया। पटना आर्ट कॉलेज और उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान आपस में सामंजस्य बनाकर आर्ट एंड क्राफ्ट की गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।