मुख्य समाचार

अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर का शिलान्यास 

पटना। राजधानी के प्रमुख मार्ग अशोक राजपथ पर डबल डेकर फ्लाईओवर का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। फ्लाईओवर का निर्माण करगिल चौक (गांधी मैदान) से साइंस कॉलेज तक होगा। इसकी लागत 422 करोड़ रुपए है। तीन साल में डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक राजपथ पर भीड़ को देखते हुए फ्लाईओवर का निर्माण जरूरी था। पीएमसीएच को देश का सबसे बड़ा अस्पताल बनाया जा रहा है। इसकी क्षमता 5400 बेड की होगी। डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण से पीएमसीएच आने वालों को सहूलियत होगी। 

उन्होंने कहा इस इलाके में कई कॉलेज हैं। इस निर्माण से छात्रों को भी काफी सुविधा होगी। अशोक राजपथ पर जगह कम होने के कारण सड़क की चौड़ाई बढ़ाना संभव नहीं था। इसलिए डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनी। यह फ्लाईओवर तीन साल में बनकर तैयार हो जायेगा। 

पटना में कई फ्लाईओवर और रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया गया है। 15 आरओबी बनकर तैयार हो गए हैं और पांच का निर्माण जारी है। पहले कंकड़बाग और दानापुर जाने में काफी परेशानी होती थी। फ्लाईओवर के निर्माण होने से अब लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत हुई है। 

मुख्यमंत्री ने कहा फ्लाईओवर निर्माण के दौरान खुदाबख्श लाइब्रेरी भवन से किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। इस संबंध में हमने अधिकारियों को निर्देश दे दिया है। 2005 से एनडीए की सरकार ने लोगों को काफी सुविधाएं दी है। कई तरह के निर्माण हुए हैं और लोगों का व्यापार बढ़ा है।

शिलान्यास कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित पीएमसीएच कीे मल्टी लेवल पार्किंग स्थल एवं जेपी गंगा पथ से पीएमसीएच को जोड़े जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन एवं विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने भी संबोधित किया। 
 


संबंधित खबरें