पटना। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने माल ढुलाई की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर करने का आश्वासन दिया है। साथ ही नए रैक साइड का निर्माण, सामान की सुरक्षा, डैमरेज चार्ज पर लगनेवाले दंड शुल्क को माफ एवं यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की भी बात कही है।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ एक बैठक में महाप्रबंधक ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि चैंबर के सभी सुझावों का सकारात्मक हल निकले। हर प्रकार के सामान की ढुलाई रेलवे के माध्यम से हो इसके लिए हम सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे के पदाधिकारी आपके पत्रों का उत्तर नहीं देते हैं, तो उसकी कॉपी मुझे जरूर भेजें।
बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक सलिल कुमार झा, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दयानंद, महाप्रबंधक के सचिव अमन कुमार के साथ अन्य अधिकारी सम्मिलित हुए ।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि बिहार जैसे राज्यों की आर्थिक उन्नति के लिए यह जरूरी है कि राज्य की लंबित रेल परियोजनाओं पर काम शीघ्र शुरू हो। उन्होंने राज्य के उद्यमी एवं व्यवसायियों से मिले सुझावों से संबंधित एक ज्ञापन भी महाप्रबंधक को सौंपा। चैंबर के रेलवे सब कमिटी के संयोजक एकेपी सिन्हा एवं सह संयोजक सुबोध कुमार जैन ने भी अपने विचारों को रखा।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति : मुकेश कुमार जैन, विशाल टेकरीवाल, अमित मुखर्जी, सुभाष कुमार पटवारी, संजीव कुमार चौधरी, पवन कुमार अग्रवाल, आलोक पोद्दार, वंदना कुमारी, रामचंद्र प्रसाद, बीरेंद्र कुमार, प्रदीप चौरसिया, आलोक पोद्दार, सच्चिदानंद, विनोद पाठक, अंकित चौधरी, विवेक झुनझुनवाला, आनंद डालमिया, दिनेश अग्रवाल, रोहित भुवानिया, ओपी टिबरेवाल, आशीष प्रसाद, सांवल राम ड्रोलिया एवं उत्पल सेन समेत कई सदस्य शामिल हुए ।